लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार हर वर्ग के लोगों को लुभाने में जुटी है. इसी के तहत सरकार चुनाव से पहले किसानों के खाते में एक साथ 4 हजार रुपये डालने की तैयारी में है. वहीं अंतरिम बजट में 5 लाख रुपये तक की कमाई वाले लोगों को टैक्स छूट देकर राहत दी गई. अब आज यानि 15 फरवरी से सरकार की पेंशन योजना लागू होने जा रही है. इस योजना का फायदा 10 करोड़ लोग उठा सकते हैं.
दरअसल, बीते 1 फरवरी को वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कामगारों के लिए ''प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन'' योजना का ऐलान किया था. यह योजना 15 फरवरी 2019 से प्रभावी है. इस योजना का लाभ सिर्फ वही लोग उठा सकते हैं जिनकी महीने की कमाई 15000 रुपये या उससे कम है. पेंशन योजना होने की वजह से इसका लाभ 60 साल की उम्र के बाद मिलेगा. इस उम्र के बाद लाभार्थियों को 3,000 रुपये मासिक पेंशन दी जायेगी.
इस योजना का फायदा 18 साल से 40 साल तक की उम्र का कोई भी असंगठित क्षेत्र का कर्मचारी उठा सकता है. जिस शख्स की उम्र 18 साल है,, उसे 55 रुपये प्रति माह का योगदान देना होगा. वहीं 29 साल की उम्र के लोगों को पेंशन के लिए 100 रुपये प्रति माह जमा कराने होंगे.
योजना का लाभ रेहड़ी-पटरी लगाने वालों, रिक्शा चालक, मजदूर, बीड़ी बनाने वाले, हथकरघा, कृषि कामगार, मोची, धोबी, चमड़ा कामगार और इसी प्रकार के अनेक अन्य कार्यों में लगे असंगठित क्षेत्र के कामगार उठा सकते हैं.
हालांकि राष्ट्रीय पेंशन योजना या कर्मचारी राज्य बीमा निगम योजना और कर्मचारी भविष्य निधि योजना के तहत आने वाले कामगार को इसका फायदा नहीं मिलेगा. ऐसे मजदूर जो इनकम टैक्स रिटर्न देते हैं, वे भी योजना के दायरे से बाहर होंगे. अहम बात यह है कि इस योजना के लिए अंतरिम बजट में 500 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है.
Source - Aaj Tak