एडीओ पंचायत के नोटिस के बावजूद राजस्व ग्राम में सफाई न करने पर डीपीआरओ यतेंद्र सिंह ने गांव जाकर जांच करके सफाई कर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसी के साथ सभी सफाई कर्मियों को निर्देश दिया कि नियमित सफाई करें, शिकायत आने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
ब्लाक सैफई के अंतर्गत ग्राम पंचायत भाला सइया के राजस्व ग्राम ककरारा में सफाई कर्मी अनुरूद्ध कुमार अर्से से तैनात है लेकिन वहां सफाई कार्य नहीं कर रहा था। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की तब एडीओ पंचायत सैफई ने स्थलीय निरीक्षण करने के उपरांत एक माह पूर्व नोटिस दिया था कि नियमित सफाई करें जिससे कोई ग्रामीण शिकायत न करें। इसके बावजूद उसने कोई तवज्जो नहीं दी। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की जिस पर जिला पंचायतराज अधिकारी यतेंद्र सिंह ने उपरोक्त गांव जाकर जांच की तो कई जगह गंदगी पाई गई। ग्रामीण महिलाओं तक ने शिकायत की जिस पर डीपीआरओ ने उच्चाधिकारियों को हकीकत बताकर उपरोक्त कार्रवाई की। सफाई कर्मी का निलंबन किए जाने से अन्य लापरवाही बरतने वाले कर्मियों में कार्रवाई का भय व्याप्त हुआ।
मातृ मृत्यु दर में कमी लाने और गर्भवती को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से जिला महिला अस्पताल सहित स्वास्थ्य इकाइयों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस 10 सितंबर को मनाया जाएगा। इसके तहत गर्भवती की प्रसव पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान, पोषण, परिवार नियोजन तथा प्रसव स्थान के चयन के बारे में काउंसलिग की जाएगी। सीएमएस (महिला अस्पताल) डा. कजली गुप्ता ने बताया कि हर माह की 9 तारीख को यह दिवस मनाया जाता है, लेकिन हरितालिका तीज के कारण यह दिवस 10 सितंबर को मनाया जाएगा। गर्भवती आरसीएच नंबर की फील्डिग के लिए विशेष काउंटर बनाया गया है। जिन गर्भवती महिलाओं का बैंक में अकाउंट नहीं है, उनका अकाउंट खुलवाने के लिए भी एक काउंटर बनाया जाएगा। जांच कराने आने वाली गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक स्वल्पाहार का भी वितरण सदर विधायक द्वारा किया जाएगा।
Source - Jagran
