दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बिनौला गांव के पास एक कंपनी कर्मचारी पर हमला कर 6 लाख रुपये लूट लिए गए। दो बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित कैश इकट्ठा कर दिल्ली जाने के लिए बाइक से निकला था।
मामले की शिकायत सुभाष चंद यादव ने दी है। वह मूलरूप से यूपी के अयोध्या का रहने वाला है और अब दिल्ली के बिजवासन में किराये पर रहता है। दिल्ली की ही एक कंपनी में वह कैश इकट्ठा करने का काम करता है। मंगलवार को तावड़ू व बिलासपुर एरिया से उसने कैश इकट्ठा किया। इसके बाद वह अपनी बाइक से दिल्ली के लिए जाने लगा। रास्ते में रात करीब 10 बजे बिनौला गांव के पास पहुंचा तो अचानक दो बाइक पर सवार चार युवकों ने ओवरटेक कर उसे रुकवा लिया। बदमाशों ने उसके सिर पर किसी भारी चीज से वार किया। इससे वह गिर गया और बदमाश उसका कैश बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब 6 लाख रुपये कैश बताया गया। बिलासपुर थाना प्रभारी अरुण ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़ित व कंपनी मालिक ने यह नहीं बताया कि उनकी कंपनी किस तरह का बिजनेस करती है और पेमेंट किस मद में इकट्ठा की गई थी।
source - Jagran